भारत में बढ़ता मरुस्थलीकरण

भारत में बढ़ता मरुस्थलीकरण

आईएएस/पीसीएस मुख्य परीक्षा: सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 3

(मरुस्थलीकरण: प्रभाव एवं बचाव)

भूमिका:

  • भारत सहित दुनियाभर में बड़े पैमाने पर प्राकृतिक संसाधनों के दोहन से मरुस्थलीकरण अर्थात उपजाऊ जमीन के बंजर बन जाने की समस्या विकराल हो रही है। सूखे इलाकों में पानी जैसे प्राकृतिक संसाधनों का जरूरत से ज्यादा दोहन करने से पेड़-पौधे खत्म होते जा रहे हैं। वर्तमान में मरुस्थलीकरण पूरी दुनिया के सामने एक गंभीर चुनौती बन चुकी है।

मरुस्थलीकरण के बारे में:

  • भूमि में प्राकृतिक कारणों अथवा मानवीय गतिविधियों के कारण जैविक या आर्थिक उत्पादकता में कमी की स्थिति को भूक्षरण कहा जाता है। जब यह अपेक्षाकृत सूखे क्षेत्रों में घटित होता है, तब इसे मरुस्थलीकरण कहा जाता है।

मरुस्थलीकरण से प्रभावित क्षेत्र:

भारत में-

  • वर्ष 2016 में प्रकाशित भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की एक रिपोर्ट के अनुसार, देशभर में 9.64 करोड़ हेक्टेयर क्षेत्र में मरुस्थलीकरण हो रहा है, जो भारत के कुल भूमि क्षेत्र का लगभग 30 फीसद हिस्सा है।
  • इस क्षरित भूमि का 80 फीसद हिस्सा केवल नौ राज्यों- राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, झारखंड, ओड़ीसा, मध्य प्रदेश और तेलंगाना में है।
  • दिल्ली, त्रिपुरा, नागालैंड, हिमाचल प्रदेश और मिजोरम में मरुस्थलीकरण की प्रक्रिया काफी तेज है। झारखंड, राजस्थान, दिल्ली, गुजरात और गोवा के तो 50 फीसद से भी अधिक भौगोलिक क्षेत्र में क्षरण हो रहा है।
  • वर्तमान में भारत का लगभग 70 फीसद भूमि क्षेत्र अपेक्षाकृत सूखा क्षेत्र है।
  • ‘सेंटर फार साइंस एंड एनवायरनमेंट’ (सीएसई) की एक रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2003-05 से 2011-13 के बीच ही भारत में मरुस्थलीकरण काफी बड़े क्षेत्र तक बढ़ चुका था और सूखा प्रभावित 78 में से 21 जिले तो ऐसे हैं, जिनका 50 फीसद से भी ज्यादा क्षेत्र मरुस्थलीकरण में बदल चुका है।
  • देश के थार मरुस्थल ने उत्तर भारत के मैदानों को सर्वाधिक प्रभावित किया है। थार के मरुस्थल में प्रतिवर्ष 13 हजार एकड़ से भी अधिक बंजर भूमि की वृद्धि हो रही है।

दुनियाभर में-

  • संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के अनुसार, दुनियाभर के कुल क्षेत्रफल का लगभग 20 फीसद भूभाग मरुस्थलीय भूमि के रूप में है जबकि वैश्विक क्षेत्रफल का लगभग एक तिहाई भाग सूखाग्रस्त भूमि के रूप में है।

मरुस्थलीकरण के प्रमुख कारण:

  • मानवीय क्रियाकलाप: विश्वभर में करीब 130 लाख वर्ग किलोमीटर भूमि मानवीय क्रियाकलापों के कारण रेगिस्तान में बदल चुकी है। प्रति मिनट करीब 23 हेक्टेयर उपजाऊ भूमि बंजर भूमि में तब्दील हो रही है।
  • गहन खेती: संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, गहन खेती के कारण 1980 से अब तक धरती की एक-चौथाई उपजाऊ भूमि नष्ट हो चुकी है और दुनियाभर में रेगिस्तान का दायरा निरंतर विस्तृत हो रहा है।
  • प्राकृतिक संसाधनों का दोहन:सूखे क्षेत्रों में पानी जैसे प्राकृतिक संसाधनों का जरूरत से ज्यादा दोहन किया जाना।

 मरुस्थलीकरण का प्रभाव:

  • कृषि उत्पादन पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।
  • मरुस्थलीकरण के कारण आने वाले समय में अन्न की कमी हो सकती है। खाद्यान्न उत्पादन में प्रतिवर्ष दो करोड़ टन की कमी होने की संभावना है।
  • दुनिया के दो-तिहाई हिस्से में भूक्षरण की समस्या गंभीर हो गई है।
  • सूखे तथा प्रदूषण की समस्या गंभीर हो चुकी है।
  • भारत में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ाने में भी मरुस्थलीकरण की बड़ी भूमिका है, जिसके कारण लोगों के स्वास्थ्य और कार्य पर बुरा असर पड़ रहा है। इसके चलते लोगों में सांस, फेफड़े, सिरदर्द इत्यादि विभिन्न समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।
  • संयुक्त राष्ट्र के एक अनुमान अनुसार, वर्ष 2025 तक दुनिया के दो-तिहाई लोग जल संकट की परिस्थितियों में रहने को विवश होंगे, जिससे मरुस्थलीकरण के चलते विस्थापन बढ़ेगा और आगामी 25 वर्षों में तेरह करोड़ से भी ज्यादा लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ सकता है।

मरुस्थलीकरण नियंत्रण हेतु भारत में प्रयास:

  • मरू क्षेत्र विस्तार, भूक्षरण और सूखे पर आयोजित संयुक्त राष्ट्र के एक उच्चस्तरीय संवाद के अनुसार, भारत अगस्त 2030 तक 2.6 करोड़ हेक्टेयर क्षरित भूमि को उपजाऊ बनाने की दिशा में अग्रसर है, जिससे ढाई से तीन अरब टन कार्बन डाईआक्साइड के बराबर कार्बन अवशोषित किया जा सकेगा।
  • पर्यावरण क्षति की भरपाई के प्रयासों के तहत विगत एक दशक में लगभग 30 लाख हेक्टेयर वन क्षेत्र का विस्तार किया गया है।
  • भारत द्वारा जून 2019 में परीक्षण के तौर पर पांच राज्यों – हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, नगालैंड, कर्नाटक में वनाच्छदित क्षेत्र बढ़ाने की परियोजना शुरू किया गया है।
  • इस परियोजना को धीरे-धीरे मरुस्थलीकरण से प्रभावित अन्य क्षेत्रों में भी लागू किया जा रहा है।
  • भारत में केंद्र सरकार द्वारा देहरादून स्थित वन अनुसंधान संस्थान में उत्कृष्ट शोध केंद्र की स्थापना कर भूमि को बंजर होने से बचाने का शोध कार्य शुरू किए जाने की घोषणा कुछ वर्ष पूर्व हो चुकी है।
  • भारत ने वर्ष 2020 से 2030 के बीच 50 लाख हेक्टेयर बंजर भूमि को कृषि योग्य बनाने की भी घोषणा की थी।
  • संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 1994 में मरुस्थलीकरण रोकथाम का प्रस्ताव रखा था। भारत इस प्रस्ताव पर 14 अक्तूबर 1994 को हस्ताक्षर कर चुका है।

मरुस्थलीकरण रोकथाम हेतु चीन का महत्वपूर्ण प्रयास:

  • चीन अपने एक बहुत बड़े रेगिस्तान को तीन दशकों में हरे-भरे मैदान में बदल कर दुनिया के सामने एक उदाहरण पेश कर चुका है।
  • चीन का कुबुकी नामक रेगिस्तान, दुनिया का सातवां सबसे बड़ा रेगिस्तान बंजर जमीन और निर्धनता का अभिशाप झेलते हुए कभी अपने ही देश में बिल्कुल अलग-थलग पड़ा था।
  • मंगोलिया में स्थित यह रेगिस्तान पूरे चीन में रेत के तूफान का बड़ा कारण बनता रहा था।
  • वर्ष 1988 में कंपनी ‘एलिओन रिसोर्सेज’ ने सरकार और स्थानीय लोगों के सहयोग से इस रेगिस्तान की बंजर जमीन को उपजाऊ बनाने के लिए विशेष प्रकार के पौधे लगाने शुरू किए तो इस रेगिस्तान की सूरत बदलने लगी।
  • तीन दशकों के बाद आज स्थिति यह है कि यही रेगिस्तान अब होटल, पर्यटन समेत विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में विश्वभर में अपनी अलग पहचान बना रहा है।
  • यह रेगिस्तान अब दुनिया का सबसे बड़ा सौर ऊर्जा केंद्र बन चुका है, जिसमें लगे साढ़े छह लाख सोलर पैनल से चीन को हजारों मैगावाट बिजली प्राप्त हो रही है।

निष्कर्ष:

  • वर्तमान में पूरी दुनिया में मरुस्थलीकरण के कारण धरती पर सिर्फ 30 फीसद हिस्से में ही वन शेष बचे हैं और उसमें से भी प्रतिवर्ष इंग्लैंड के आकार के बराबर हर साल नष्ट हो रहे हैं। दुनियाभर में लोगों के लिए खाने-पीने की समुचित उपलब्धता बनाए रखने हेतु भूक्षरण रोकना और नष्ट हुई उर्वर भूमि को उपजाऊ बनाना आवश्यक है।
  • देश में बंजर भूमि को उपजाऊ बनाने के लिए भले ही सरकारी स्तर पर कई प्रयास शुरू किए गए हैं, लेकिन इसके साथ वन क्षेत्रों में विस्तार के गंभीर प्रयासों की भी सख्त जरूरत है। हमारी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित और समृद्ध बनाने के लिए भूमि के संरक्षण के साथ हमें भूजल दोहन, अनियोजित नगरीकरण तथा हर प्रकार के प्रदूषण को भी रोकना ही होगा।

                               -------------------------------

 

 

मुख्य परीक्षा प्रश्न

भारत में बढ़ते मरुस्थलीकरण की रोकथाम हेतु भारत द्वारा उठाए गए कदमों की समीक्षा कीजिए।